शाहपुर (ब्यूरो)। पुलिस ने लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाश कसेरवा नहर पर दबोचे। जबकि दो भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने बदमाशों के पास लूट की रकम, तमंचे, दो बाइक और मोबाइल बरामद किए।
गांव कमालपुर निवासी राजेश सैनी पुत्र बाबूराम से 30 दिसंबर को शाहपुर से गांव कमालपुर जाते समय नहर पर दो लाख रुपये की लूट में पुलिस ने दो लुटेरों को लूट की रकम, दो तमंचों, दो मोटर साइकिल और मोबाइल समेत गिरफ्तार किया। जबकि दो भागने में कामयाब रहे। एसओ अजयपाल गौतम ने बताया लूट की घटनाओं के खुलासे को सीओ बुढ़ाना एसपी शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने कसेरवा नहर पर सूचना पर मंगलवार की रात में चेकिंग की। पुलिस टीम ने कसेरवा की ओर से दो बाइकों पर चार लोगों को रोकना चाहा तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग कर कर भागने लगे।
पुलिस ने अंकुर पुत्र धर्मबीर और अक्षय उर्फ मोंटी पुत्र यशपाल निवासी सोरम को दबोच लिया। इनके पास से दो तमंचे, लाखों की नगदी, दो बाइक और मोबाइल बरामद किए। पकड़े बदमाशों के साथी आकाश पुत्र उपेंद्र और रिहान पुत्र नफीस निवासी सोरम भागने में सफल रहे। फरार बदमाश के घर में दबिश दी। पुलिस को एक बदमाश के भाई के पास लूट की दस हजार की नगदी और मोबाइल मिला।
पुलिस ने दो बदमाशों और एक बदमाश के भाई के पास से एक लाख 11 हजार की नगदी बरामद की। बदमाशों ने बुढ़ाना और भौरा कलां में लूट को अंजाम देना कबूल किया। एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी, सीओ बुढ़ाना एसपी शर्मा ने भी आरोपियों से पूछताछ की।