मुजफ्फरनगर। कूकड़ा निवासी निखिल मोहन शर्मा का शव नई मंडी कोतवाली पुलिस 11 दिन में भी तलाश नहीं कर पाई है। तीन दोस्तों ने हत्या करने के बाद शव को खतौली गंगनहर में फेंका था जबकि उसकी बाइक खतौली गंगनहर से बरामद कर ली थी।
निखिल रहस्यमय हालात में लापता हो गया था। इस मामले में पुलिस ने 25 अगस्त को बचन सिंह कॉलोनी निवासी प्रिंस व अवध विहार निवासी सौरभ राणा को सहावली जाने वाले रास्ते से पकड़ा। उन्होंने बताया था कि सौरभ राणा व निखिल मोहन शर्मा के बीच व्यापारिक लेनदेन था। दोनों की कहासुनी हुई थी। सबक सिखाने के लिये सौरभ ने प्रिंस से निखिल को 13 अगस्त को अपने टीपी नगर स्थित ट्रासंपोर्ट कार्यालय में बुलाया।
वहां तितावी के गांव नूनाखेड़ा निवासी रोहित बालियान भी था। तीनों ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। तीनों ने सौरभ की स्कोर्पियो गाड़ी में शव व बाइक को ले जाकर खतौली अलकनन्दा गंगनहर में फेंका दिया था। पुलिस ने बाइक 25 अगस्त को गंगनहर से बरामद कर ली थी।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव का कहना है कि शव की तलाश के लिए दो टीम लगी हैं।