संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद भैंस चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रियावली नंगला से हुई चोरी के मामले का खुलासा किया। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, एक अवैध तमंचा, दो कारतूस, चाकू और घटना में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप मिली।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम के साथ बड़सू रजबहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फुलत की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध बोलेरो गाड़ी आते हुए दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया लेकिन गाड़ी सवार पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर करते हुए भाग निकले।
पुलिस ने गाड़ी सवार बदमाशों का पीछा किया। टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव जसड़ सुल्तानपुर निवासी हकीकत और खालिद को पकड़ लिया।
अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि उन लोगों ने 28 जुलाई को रात रियावली नंगला के दो घरों से दो भैंस चोरी की थी। चोरी की गई भैंसों को वे लोग बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि रियावली नंगला निवासी रहीस की ओर से अज्ञात चोरों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया था।