जानसठ में पुलिस ने मुठभेड़ में भैंस चोर पकड़ा।
- फोटो : KHATAULI
पुलिस ने मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय पशु चोर पकड़े
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने मुठभेड़ में मंगलवार रात पशु चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय दो बदमाशों को पकड़ा। दोनों बदमाश पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि बदमाशों के तीन साथी चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
सीओ शकील अहमद ने बताया कि गांव मीरापुर दलपत के पास मंगलवार रात पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पिकअप गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ी के अंदर मौजूद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग करते हुए बदमाश पिकअप गाड़ी छोड़कर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उनके तीन साथी फरार हो गए। पुलिस ने घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश वसीम उर्फ सद्दाम निवासी गांव पचपेड़ा जिला मेरठ और आबिद निवासी गांव निढोरी जिला गाजियाबाद हैं। दोनों बदमाश अंतर्जनपदीय पशु चोर हैं। जो अलग-अलग जिलों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप गाड़ी, दो तमंचे, चार कारतूस और एक भैंस बरामद की है।