मुजफ्फरनगर। 2024 को अलविदा और नए साल के स्वागत में 31 दिसंबर को होने वाले हुड़दंग को रोकने के मददेनजर पुलिस अलर्ट हो गई है। हुड़दंगियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हाइवे व शहर के होटलों पर पुलिस की नजर रहेगी। चौराहों पर बेरिकेडिंग लगाकर चेकिंग की जाएगी। महिला पुलिसकर्मियों की भी टीम बनाई है। आबकारी टीम के साथ पुलिस शराब पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
नए साल के जश्न के मददेनजर पुलिस महानिदेशक ने सतर्कता बरतने व हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। 31 दिसंबर को होने वाले जश्न को लेकर पुलिस ने तैयारी की है। हाइवे व शहर में स्थित रेस्टोरेंट, बार पर पुलिस की विशेष खास नजर रहेगी।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने कहा कि हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। तेज गति से दौड़ाए जाने वाले वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर बेरिकेडिंग लगाकर चैकिंग की जाएगी। नए साल के जश्न में महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की टीम को लगाया गया है। उन्होंने सभी लोगों से कानून के दायरे में नए साल का स्वागत करने की अपील की है।