शायर डॉ. नवाज देवबंदी ख्वाजा यूनुस अवार्ड से सम्मानित
देवबंद(सहारनपुर)। प्रख्यात शायर डॉ. नवाज देवबंदी को लखनऊ में इरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की ओर से उनकी शैक्षिक सेवाओं के लिए ख्वाजा यूनुस अवार्ड से सम्मानित किया गया।
शनिवार को इस उपलक्ष्य में नवाज गर्ल्स पब्लिक स्कूल में इंटरनेशनल कलम फाउंडेशन के तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें इरम ग्रुप के ख्वाजा बज्मी यूनुस, फैजी यूनुस, सैफी यूनुस और रजमी यूनुस ने डा. नवाज देवबंदी को शॉल ओढ़ाकर और फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। विगत दिन लखनऊ में इरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संस्था के चेयरमैन डॉ. नवाज देवबंदी को उनकी शैक्षिक सेवाओं के लिए ख्वाजा यूनुस अवार्ड 2021 प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा द्वारा प्रदान किया गया। लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इससे महिला शिक्षा के समाज में एक नई जाग्रति आएगी। भूतपूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर ने कहा कि शायरी के साथ डा. नवाज देवबंदी का महिला शिक्षा के क्षेत्र में जो योगदान है उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। डा. देवबंदी ने अवार्ड मिलने पर इरम ग्रुप का शुक्रिया अदा किया। कहा कि ख्वाजा यूनुस लगभग 60 किताबों के लेखक और 35 संस्थाओं के संस्थापक थे। उनके नाम से दिया जाने वाला सम्मान मेरे लिए प्रेरणास्रोत व उत्साहवर्धन का एक मंत्र है। संचालन फुरकान सरधनवी ने किया। डा. देवबंदी को अवार्ड मिलने पर इनाम कुरैशी, शमीम मुर्तजा फारूकी, प्रो. नवाज अहमद खान, अहमर जमीर सिद्दीकी, सुनील जैन, अजय जैन व ऋषभ त्यागी आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।