पीएम की मन की बात सुनकर लिया कोरोना से जंग का संकल्प
शाहपुर। कस्बे के लोगों ने रविवार दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात को सुनकर देशव्यापी लॉकडाउन का पूर्ण रूप से पालन करने और कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए जंग का संकल्प लिया।
समाजसेवी सुंदरलाल सैनी का कहना है कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से लॉकडाउन जैसे कठोर निर्णय के लिए क्षमा मांगी है, लेकिन देश पर आए संकट से निपटने के लिए कड़े निर्णय लेने पड़ते हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान का हम सबको पालन करना चाहिए। समाजसेवी उमेश मित्तल का कहना है कि लॉकडाउन के दौरान जो लोग नियम तोड़ रहे हैं, वे अपने व परिवार के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। देशवासी नियमों का पालन करेंगे, तभी देश बचेगा। डॉ प्रदीप चौहान का कहना है कि कोरोना वायरस से देश में युद्ध जैसी स्थिति है। हमें इस लड़ाई में सावधान व सतर्क रहना होगा। बीमारी से पीड़ित मरीज ठीक भी हो रहे हैं, इसलिए सभी लोग हौसला रखें। हाजी इलियास कुरैशी का कहना है कि कोरोना वायरस से लड़ने में जो लोग सहयोग दे रहे हैं, उन सभी का आभार व्यक्त करना चाहिए। इससे जंग में लड़ने वाले कर्मवीरों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अधिक मेहनत कर कोरोना के खिलाफ जारी इस जंग को जीतकर देश को इससे मुक्ति दिलाएंगे।