श्रीराम कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शारीरिक शिक्षा विभाग के राकिब और महिला वर्ग में दीपा ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने सम्मानित किया।
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, विशिष्ठ अतिथि हाई रैंक बिजनेस स्कूल की निदेशक डॉ. प्रगति सक्सेना, श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलिजेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ, निदेशक डॉ. अशोक कुमार, प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल और डॉ. आलोक गुप्ता ने शुभारंभ किया। मीडिया प्रभारी रवि गौतम ने बताया कि 800 मीटर महिला वर्ग की दौड़ में शारीरिक शिक्षा विभाग की आशु और पुरुष वर्ग में विपिन चैंपियन रहा। महिला वर्ग की तीन हजार मीटर दौड़ में शारीरिक शिक्षा विभाग की ज्योति पाल और पुरुष वर्ग में विपिन पहले स्थान पर रहा।
पुरुष वर्ग की गोला फेंक में शारीरिक शिक्षा विभाग के राशिद चौधरी और महिला वर्ग में निधि ने पहला स्थान प्राप्त किया। डिस्कस थ्रो के पुरुष वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग के राशिद चौधरी ने 8.85 मीटर की दूरी पर चक्का फेंककर प्रथम स्थान हासिल किया। अन्य खेल मुकाबले भी हुए। छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार, भूपेन्द्र कुमार, डॉ. अब्दुल अजीज खान, अमरदीप, संदीप, प्रशांत और तरुण उपस्थित रहे।