संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। जाति प्रमाणपत्र न बनाए जाने से नाराज कोरी समाज के लोगों ने कई घंटे तक तहसील में धरना दिया। नायब तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया।
कोरी समाज के करीब एक दर्जन युवक व ग्रामीण शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे। तहसील से जाति प्रमाणपत्र जारी न होने से नाराज ग्रामीण धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर कोरी समाज के ग्रामीणों ने बताया कि प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव ने कोरी समाज के जाति प्रमाणपत्र निर्गत करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी कोरी समाज के जाति प्रमाणपत्र तहसील मुख्यालय से जारी नही किए जा रहे हैं। विभिन्न नौकरियों में जाति प्रमाणपत्र की आवश्यकता होती है। उन्होंने चेतावनी देकर कहा कि जब तक जाति प्रमाणपत्र जारी नही होंगे, उनका धरना जारी रहेगा।
अधिकारियों के निर्देश पर नायब तहसीलदार बृजेश कुमार धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणाें से ज्ञापन लिया। आश्वासन देते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। नायब तहसीलदार के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर ओमकार, मनोज, देशपाल, विनोद, राजेश्वर, नीरज, जोनी, राहुल, विपुल, सुनील, जगपाल, रोबिन, प्रवीण व विनोद आदि मौजूद रहे।