मुजफ्फरनगर। दो दिन तक रुक-रुक कर हुई बारिश और हल्की ओलावृष्टि के बाद सर्दी ने अपना असर दिखा दिया है। दो दिन बाद धूप निकली लेकिन लोग सर्दी में ठिठुरते रहे। शीतलहर के चलते शाम को बाजार जल्दी बंद हो गए और रात होते-होते सन्नाटा पसर गया।
बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बारिश के चलते मौसम का मिजाज काफी बदल गया। शनिवार सुबह से ही धूप खिली लेकिन ठंडी हवा चलती रही। लोगों ने धूप में बैठकर थोड़ी राहत महसूस की, लेकिन सुबह-शाम की ठंड परेशानी का सबब बनी रही। जिले का अधिकतम तापमान 18 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम 8.5 रिकार्ड किया गया। शुक्रवार रात 5.8 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। ठंड के कारण लोग ठिठुरते रहे। शाम होते ही ठंड का असर और बढ़ गया। दिन ढलते ही बाजार में दुकानदार अपने प्रतिष्ठान जल्दी बंद कर चले गए। अंधेरा होते-होते बाजार में सन्नाटा पसर गया।