बिजली के खंभों व तारों के जर्जर होने से लोग परेशान
मीरापुर। कस्बे में बिजली के खंभों और तारों की हालत जर्जर होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कस्बे में दिनभर में कई बार जगह जगह तार टूट कर गिर जाते हैं, जिस कारण घंटों तक सप्लाई बंद हो जाती है तथा बडी दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।
कस्बे में सालों से बिजली के तार इतनी जर्जर हालत में हैं कि उनसे कभी भी कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है, जबकि विभाग को कई बार इस संबंध में कस्बेवासियों ने शिकायत की है, मगर विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। कस्बे के लोगों का कहना है कि उनके जामा मस्जिद, मोहल्ला कमलियान, जाटो वाला मोहल्ला, पड़ाव चौक, थावर वाली मस्जिद आदि जगहों पर दिन में कई बार तार टूट कर गिर जाते हैं। नतीजतन घंटों तक सप्लाई बाधित रहती है। कस्बे में वर्षों पहले लगे बिजली के तार अब जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। नतीजतन ये बिजली के तार बार बार टूटते रहते हैं। कस्बेवासियों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को इस संदर्भ में कई बार शिकायत की गई है, लेकिन विभाग शायद कस्बे में किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। इस संबंध में जेई महिपाल सिंह का कहना है कि विभाग के उच्चाधिकारियों से बात कर जल्द ही कस्बे में जर्जर हो रही विद्युत लाइन को बदलवाया जाएगा। खराब हालत में खड़े खंभों को हटवाकर उनकी जगह दूसरे खंभे लगवाकर जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।