भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोग बेहाल
मुजफ्फरनगर, जानसठ। दिन प्रतिदिन गर्मी बढ़ती ही जा रही है। भीषण गर्मी के बीच कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। किसानों को भी फसलों की सिंचाई के लिए मात्र 7-8 घंटे की बिजली आपूर्ति की जा रही है। रात में सिंचाई के लिए बिजली नहीं दी जाती है। दिन में भी तीन-चार घंटे बिजली कटौती की जाती है। रात्रि के समय भी बीच-बीच में बिजली कट होती है। बिजली चले जाने के बाद भीषण गर्मी में लोग घरों में बिलबिला जाते हैं। अघोषित बिजली कटौती से घरों में लगे इनवर्टर भी शोपीस बनकर रह गए हैं।
किसानों को भी फसलों की सिंचाई करने के लिए सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक ही बिजली आपूर्ति की जाती है। रात के समय किसानों को बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। दिन के समय भी दो-तीन घंटे बिजली की कटौती की जाती है। इससे किसानों की फसलों की सिंचाई भी नहीं हो पा रही है। किसान सतीश, सतपाल, आलोक, इकराम, अनीश आदि किसानों का कहना है कि दिन में दी जाने वाली बिजली से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। मजबूरन उन्हें पंपिंग सेट से सिंचाई करनी पड़ रही है। इसमें अधिक पैसा खर्च करना पड़ रहा है। किसानों ने रात के समय भी बिजली आपूर्ति करने की मांग की है।