मुजफ्फरनगर। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से भुगतान की प्रक्रिया में बदलाव किए जाने से कईं पंपों पर पेट्रोल की आपूर्ति बाधित हुई है। शामली रोड के पंपों पर रात के समय पेट्रोल ग्राहकों को नहीं दिया गया। हालांकि आपूर्ति विभाग का दावा है कि किसी तरह दिक्कत नहीं है।
सरकारी कंपनियों की ओर से पहले कुछ पंप क्रेडिट पर पेट्रोल-डीजल मंगाते थे और भुगतान एक या दो दिन बाद भी किया जाता था। लेकिन अब कंपनियों ने एडवांस भुगतान का नियम लागू कर दिया है। ऐसे में इन पंपों पर आपूर्ति और बजट में संतुलन बिगड़ने लगा है। इसके अलावा अब भारत पेट्रोलियम ने डिपो से आपूर्ति के समय में बदलाव किया है। अब शाम पांच बजे तक ही गाड़ियां निकाली जा रही है।
तितावी में तीन पंपों पर बृहस्पतिवार रात पेट्रोल की बिक्री रोक दी गई। यहां ग्राहकों को जानकारी दी गई कि उनके पास पेट्रोल नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय का कहना है कि शामली रोड पर एचपी के एक पेट्रोल पंप संचालकों में विवाद है। जिसके चलते डीजल-पेट्रोल की बिक्री नहीं की जा रही। बाकी जनपद के अधिकतर पेट्रोल पंप पर आवश्यक मात्रा में स्टॉक मौजूद है।