खतौली सीएचसी में ओपीडी का पर्चा बनवाने को लगी भीड। संवाद
खतौली। तापमान बढ़ने से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सीएचसी में बुखार, दस्त और एलर्जी के मरीज पहुंच रहे हैं। सीएचसी में प्रतिदिन करीब 500 मरीजों की ओपीडी हो रही है।तापमान बढ़ने से लोग बीमार हो रहे हैं। इसमें बच्चे और महिलाओं की संख्या अधिक दिखाई दे रही है। सीएचसी में सुबह से ही मरीजों की लाइन लग जाती है। ओपीडी का पर्चा बनवाने के मरीज और उनके तीमारदारों भीड़ दोपहर तक रहती है। सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डॉ सतीश कुमार ने बताया कि गर्मी बढ़ने से उल्टी, दस्त, बुखार और एलर्जी के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। सीएचसी में विगत आठ दिनों से करीब 500 ओपीडी हो रही है। इसके अलावा पुराने मरीजों को भी उपचार दिया जा रहा है। सीएचसी आने वाले मरीजों को उपचार देकर उनको दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। महिला चिकित्सक डॉ बबीता ने बताया कि सीएचसी में प्रतिदिन करीब 200 महिलाओं का परीक्षण कर उनको उपचार दिया जा रहा है।
यह बरतें सावधानी
गर्मी में घर से बाहर न निकलें। जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो पूरी आस्तीन के कपड़े पहने तथा धूप से बचने के लिए सिर पर कपड़ा या छाता लगाकर की निकलें। धूप से बच्चों को बचाएं। गर्मी के दिनों में तरल पदार्थ का अधिक सेवन करें। इसके अलावा हल्का खाना खांए। हरी सब्जियों का सेवन करें और पानी में ओआरएस डालकर पीना चाहिए। - डॉ. सतीश कुमार, सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक