कोरोना से मरीज की मौत, 20 संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। कोरोना से संक्रमित एक मरीज की मौत हो गई। अब तक 81 लोग कोरोना से मर चुके हैं। शनिवार को 20 नए केस मिले हैं। 30 मरीज ठीक हुए, इसके बावजूद जनपद में अभी भी 474 एक्टिव केस है, जिनका उपचार चल रहा है।
सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि मंसूरपुर निवासी 52 साल के ग्रामीण को कोरोना संक्रमित होने पर 14 अक्तूबर को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। सीएमओ ने बताया कि शनिवार को विभिन्न स्थानों पर की गई जांच में 20 नए मरीज कोरोना के संक्रमित मिले हैं। अब तक 5570 मरीज कोरोना के मिल चुके हैं। 30 मरीज शनिवार को ठीक हुए। अभी तक 4931 मरीज ठीक हो चुके हैं। अभी भी जनपद में 474 मरीज कोरोना के हैं, जिनका उपचार चल रहा है। शनिवार को पुलिस लाइन और थाना सिविल लाइन में दो पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा रामपुरी, सुमन विहार, लक्ष्मण विहार, गुदड़ी बाजार, सठेडी, मेडिकल कालेज मुजफ्फरनगर आदि स्थानों में भी मरीज मिले हैं।