नई मंडी पुलिस की गिरफ्त आये में डकैती के आरोपी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पटेलनगर डकैती का खुलासा , छह गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। पटेलनगर में पांच जनवरी की रात बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर डाली गई डकैती की वारदात का पुलिस ने काली नदी पुल के पास मुठभेड़ में छह बदमाशों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में पंकज, मोनिश, साहिब, अहमद, शमीर उर्फ बीबी और अजीम शामिल हैं। इनके कब्जे से तीन तमंचे-कारतूस, तीन चाकू, आल्टो कार के साथ ही लूटे गए जेवरात और मोबाइल बरामद किए गए हैं।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में रविवार सुबह प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि पांच जनवरी की रात करीब आठ बजे पावर कॉरपोरेशन के सेवानिवृत्त इंजीनियर विनय अग्रवाल व उनकी शिक्षक पत्नी मीना अग्रवाल को बंधक बनाकर बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के खुलासे के लिए कई टीमें और क्राइम ब्रांच को लगाया गया था। एसएसपी ने बताया कि शनिवार रात बदमाशों की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने काली नदी पुल के पास बेरिकेडिंग कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बुढ़ाना मोड़ की तरफ से आई कार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया गया। एसएसपी ने बताया कि लुटेरे पंकज ने उक्त वारदात की साजिश रचने के बाद साथियों के साथ डकैती की घटना को अंजाम दिया था। पंकज के खिलाफ रंगदारी, हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और लूट के 19 मुकदमे दर्ज हैं और वह भोपा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। गिरफ्तार सभी लुटेरों को जेल भेज दिया गया है।