मुजफ्फरनगर में पिकं बूथ पर मतदान करके स्याही का निशान दिखाते मतदाता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। मतदान के कारण नगर में एक भी वाहन नहीं चल सका, जिस कारण दूर दराज से आए यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री अपनी मंजिल तक पैदल ही पहुंचे।
दरअसल, विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को संपन्न हुए मतदान के दौरान सभी बाजार बंद थे। वाहनों के संचालन पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। जिस कारण सुबह से ही भाडे़ पर चलाए जाने वाला एक भी वाहन नहीं चलाया गया। वैसे निजी दोपहिया वाहन भी वोट डालने जाने के लिए प्रयोग किए गए। नगर में ई-रिक्शा न चलने के कारण लोगों को इधर से उधर जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनों पर मतदान का कोई प्रभाव नहीं पड़ा। सभी ट्रेन अपने समय से पहुंची। इनमें यात्री भी मुजफ्फरनगर पहुंचे, लेकिन जब वह सामान लेकर स्टेशन से बाहर निकले और उन्हें ई-रिक्शा आदि कोई भाडे़ वाला वाहन नहीं मिला तो वह परेशान हो उठे।
काफी देर वाहन इंतजार करने के बाद सभी यात्री अपना सामान लेकर पैदल ही अपनी मंजिल के लिए रवाना हो गए। दिल्ली से पहुंचे ईश्वर का कहना था कि वह बीमार है, पैदल चलने पर उन्हें परेशानी होती है लेकिन वाहन नहीं मिलने के कारण अब उन्हें पैदल ही जानसठ बस अड्डे पर जाना पड़ रहा है।