संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जीआरपी व आरपीएफ टीम ने जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन संस्था व ग्रामीण समाज विकास केंद्र के सदस्यों के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों को अनेक जानकारी देकर जागरूक भी किया गया।
शुक्रवार को थाना एएचटीयू प्रभारी सर्वेश कुमार व बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रीना पंवार, जीआरपी के अमित कुमार, आरपीएफ के अमरीश कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से गौरव मलिक व धनीराम आदि ने रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों को चेक किया।
यात्रियों को जागरूक कर बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आप ज्यादा घुल मिलकर बात ना करें। अंजान वस्तुओं को न छुए। अनजान व्यक्ति से कोई खाद्य पदार्थ लेकर न खाए। अपने बच्चों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ बात न करने दे ।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रीना पंवार ने कहा कि यह अभियान 1 जुलाई से 30 जुलाई तक निरंतर चलाया जाएगा। अभी तक मुजफ्फरनगर में मानव तस्करी का कोई मामला नही मिला। उन्होंने कहा कि बाल श्रम एक अपराध है।
जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन प्रोजेक्ट लीडर गजेंद्र ने कहा कि संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर हेल्पलाइन नंबर 1098 या टोल फ्री नंबर 1800 1027 222 पर संपर्क करें। इस दौरान रेलवे स्टेशन प्रभारी पवन कुमार भी मौजूद रहे।