संभलकर गुजरना, शहर की सड़कों में बन गए गड्ढे
मुजफ्फरनगर। सड़कों के गड्ढे भरवाए जाने के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। शहर की प्रमुख सडक़ों पर बने गड्ढे ही लोगों के लिए आफत बन गए हैं। जानसठ फ्लाईओवर के नीचे रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे बन गए हैं। आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। आबकारी रोड, भगत सिंह रोड और कूकड़ा मंडी से जौली जाने वाले मार्ग पर गड्ढे परेशानी बने हुए हैं।
अधिकारी गुजरते हैं, पर गड्ढे नहीं दिखते
जानसठ रोड पर ओवरब्रिज के नीचे गहरे गड्ढे हो गए है। सड़क टूटकर गड्ढे बने हुए, छह माह बीत गए, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस मार्ग से रोडवेज बसें गुजरती हैं। दुकानदार रमेश चंद यादव का कहना है बार-बार पानी भर जाता है, लेकिन किसी का ध्यान नहीं है। शहर का यह सबसे मुख्य मार्ग है, इसी से रोडवेज गुजरती है। अधिकारियों का आवागमन भी बना रहता है। लेकिन कोई भी गड्ढों की सुध नहीं ले रहा है, जिससे मुश्किल खड़ी हो रही है। दुपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होते हैं। रात के समय सबसे अधिक मुश्किल है।
एक गड्ढा, लेकिन कोई नहीं भरवा पा रहा
भगत सिंह रोड पर एक गड्ढा दुपहिया वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना है। दुकानदार विशु का कहना है कि पूरा मार्ग ठीक है, लेकिन मार्ग के बीच में एक गड्ढे के कारण दुपहिया वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। मार्ग पर भीड़ के कारण कई बार गड्ढा दिखाई भी नहीं देता। नगरपालिका और प्रशासन के अधिकारियों को स्थानीय दुकानदारों ने जानकारी दी है, लेकिन करीब छह माह में एक गड्ढा नहीं भरा जा सका है।
बदहाल कूकड़ा मार्ग पर फिसल रहे वाहन
शहर के कूकड़ा-जौली मार्ग की हालत खस्ता है। नवीन मंडी जाने वाले भारी वाहनों की वजह से मार्ग का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त है। कंकरीट सड़क पर बिखरी हुई है और आए दिन हादसे हो रहे हैं। बालाजी मंदिर के पास दुकान करने वाले व्यापारी तसलीम मलिक का कहना है कि आए दिन यहां वाहन फिसलते हैं। स्कूटी सवार छात्र-छात्राएं गिर जाते हैं। चुनाव के समय अधिकारियों का आना-जाना भी बढ़ गया है, लेकिन किसी ने मार्ग पर ध्यान नहीं दिया।
दुकानदार विजय कुमार का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। कूकड़ा मंडी के मुख्य गेट के सामने कंकरीट बिखरी पड़ी है, जिससे दुपहिया वाहन चालकों को मुश्किल होती है।
आचार संहिता हटते ही भरवाए जाएंगे गड्ढे
पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल का कहना है कि शहर में कई जगह गड्ढेे बने हुए हैं। आचार संहिता हटते ही सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने का कार्य किया जाएगा।
मुजफ्फरनगर की भगत सिहं रोड पर हुआ गडढा।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर के बालाजी रोड पर टूटी सडक से गुजरते वाहन सवार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR