सपा नगराध्यक्ष के बयान को लेकर पार्टी दो-फाड़
मुजफ्फरनगर। किसान चौपाल में सपा नगराध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान को लेकर सपा नेता व कार्यकर्ता दो गुटों में बंट गए हैं। हालात यहां तक बिगड़ गए कि सोमवार को सपा नेताओं के एक गुट ने नगराध्यक्ष गुट पर अपने प्रतिष्ठान पर पहुंचकर धमकी देने के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ तहरीर तक दे डाली।
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष अलीम सिद्दीकी ने रविवार को शहर क्षेत्र में आयोजित किसान चौपाल के एक कार्यक्रम में एक वर्ग के लोगों से केंद्र में मोदी और प्रदेश में सपा की सरकार बनवाने का आह्वान किया था। किसान चौपाल में मौजूद कुछ लोगों ने इससे सहमति जताई तो कई पदाधिकारियों को महानगराध्यक्ष का यह बयान रास नहीं आया। वहीं, सोमवार को यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता दो गुटों में बंटे नजर आए। इनमें से एक गुट से सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव अरशद मलिक व जिला सचिव नदीम राना ने तो महानगराध्यक्ष गुट के कार्यकर्ताओं के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तहरीर देते हुए उन पर अपने प्रतिष्ठान पर आकर धमकी देने का आरोप लगा डाला। उक्त दोनों पदाधिकारियों का कहना था कि उन्होंने नगर अध्यक्ष के बयान की निंदा की थी, जिसके चलते उनके समर्थकों ने दुकान पर आकर उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर डीके त्यागी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।