मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर हुए सड़क हादसे में एक पेपर मिल कर्मचारी की मौत हो गई। वह देर रात ड्यूटी पूरी करके पैदल लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में लेकर कुचल दिया।
बिजनौर जनपद के थाना शेरकोट के गांव धुरण निवासी 28 वर्षीय कोमल पुत्र रघुनाथ यहां मुजफ्फरनगर में भोपा रोड पर स्थित एक पेपर मिल में नौकरी करता था। वह वेल्डिंग का कार्य करता था। बृहस्पतिवार देर रात वह ड्यूटी पूरी कर पैदल ही शहर की ओर आ रहा था। ट्रांसपोर्टनगर के पास किसी वाहन ने उसे कुचल दिया। राहगीरों की सूचना पर नई मंडी पुलिस ने मौके पर पहुंची और कोमल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उसके पास से मिले मोबाइल फोन और परिचय पत्र से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने उसके फोन से परिजनों को हादसे की खबर दी। मृतक के तहेरे भाई प्रमोद पुत्र हुकुम सिंह ने नई मंडी कोतवाली पर अज्ञात चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा पंजीकृत कराया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।