संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका में तीन जून को बोर्ड बैठक आयोजित की जाएगी। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के आदेश पर एजेंडा जारी कर दिया गया है।
पालिका शहर में कूड़ा कलेक्शन और सफाई पर तीन साल में 45 करोड़ से अधिक खर्च करेगी। टाउन हाॅल के बाहर सुंदरीकरण पर 70 लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है।
शहर को विकास के मामले में नई दिशा देने के लिए पालिका ने तीन जून को बोर्ड बैठक बुलाई है। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने 143 प्रस्ताव वाला एजेंडा जारी किया। श्रावण मास की शिवरात्रि के अवसर पर शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए विभिन्न प्रकार की तैयारियों और कार्यों के प्रस्ताव भी इस एजेंडे में शामिल किए गए हैं।
कांवड़ कंट्रोल रूम, 150 सफाई कर्मियों की तैनाती, कांवड़ मार्ग पर इमरजेंसी लाइट, खोया-पाया केन्द्र, दिशा-सूचक बोर्ड और बैनर लगाने के साथ ही अन्य कार्य के प्रस्ताव शामिल हैं।
चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने टाउनहाल के सामने से हटाए गए चाट बाजार वाले स्थान के सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी तैयार कराया है। इसके लिए निर्माण विभाग की ओर से 70 लाख रुपये का बजट तैयार किया गया है।
टाउनहॉल परिसर में महाराज अग्रसेन की प्रतिमा स्थापना के लिए नया स्थल बनाने, वाहन पार्किंग की ई-निविदा, पेयजलापूर्ति सुधार के लिए अनेक कार्यों के साथ ही 10 नये आरओ वाटर कूलर की स्थापना करने का प्रस्ताव भी इस बोर्ड बैठक में लाया जा रहा है।