जुमे की नमाज के मददेनजर सडक पर फैली ईटों को इकट्टा करते कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। बीते शुक्रवार को हुए उपद्रव से सबक लेते हुए प्रशासन एक बार फिर अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन किसी भी विवाद की स्थिति से निपटने के लिए हर तरह की तैयारी पूरी कर ली है। स्थिति बिगड़ने पर कोई पथराव न कर सके इसके लिए एक दिन पहले ही सड़कों पर फैले पड़े ईंट-पत्थर चुनवा लिए गए। दिन भर पालिका कर्मचारी ईंटे-पत्थर इकट्ठे करते रहे। करीब दो ट्रैक्टर ट्राली ईंट पत्थर उठवाए गए।
एक सप्ताह पह ले हुए हिंसा में उपद्रवियों ने जमकर ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किया था। दुकानें तोड़ने के साथ ही पुलिस पर भी जमकर पथराव किया गया था। शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते प्रशासन चाक-चौबंद व्यवस्था कर रहा है। बृहस्पतिवार को नगर पालिका के कर्मचारियों को लगाकर सड़कों पर पड़े ईंट-पत्थर हटवा दिए गए। मीनाक्षी चौक, मेरठ रोड, रुड़की रोड, कच्ची सड़क आदि क्षेत्रों में सड़कों के किनारे, दुकानों के बाहर अथवा अन्य कहीं पर भी जो ईंट-पत्थर नजर आया, पालिका कर्मियों ने उसे उठाकर गाड़ी में डाल लिया। पालिका अधिकारी के मुताबिक रुड़की रोड पर डिवाइडर का निर्माण चल रहा है। इसके अतिरिक्त कच्ची सड़क पर भी निर्माण कार्य हो रहे हैं। वहां काम कर रहे पालिका ठेकेदारों को ईंटे-पत्थर सड़कों से हटवाने की हिदायत दी गई है।