जिले में पहुंची किसान मजदूर संगठन की पदयात्रा
मुजफ्फरनगर/चरथावल। विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह के नेतृत्व में किसान मजदूर संगठन की पदयात्रा में किसानों का काफिला शनिवार को मुजफ्फरनगर पहुंचा। काफी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रालियों पर सवार होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरे। शामली बस स्टैंड, भगत सिंह रोड, शिव चौक, प्रकाश चौक, महावीर चौक से होकर किसानों नारेबाजी करते हुए निकले। जिस कारण शहर में चारों तरफ सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
पूरण सिंह ने बताया कि पदयात्रा दो अक्तूबर को दिल्ली राजघाट पर संपन्न होगी। किसानों की 19 सूत्रीय मांग है। उनमें प्रमुख रूप से सरकार द्वारा लाई जा रही विद्युत नीति को तत्काल खत्म करना, किसानों का कृषि संबंधी कर्जा पूरा माफ करना, गन्ना मूल्य 450 रुपये करने, घरेलू विद्युत दरों को प्रतिमाह 200 रुपये करने आदि मांगों को लेकर किसान राजघाट दिल्ली की ओर बढ़ रहे है। शनिवार सुबह किसानों की पदयात्रा चरथावल के रोनी हरजीपुर से शुरू होकर नगलां पिथौरा, पिपलहेड़ा, जसोई, धोलरा, तितावी से होकर मुजफ्फरनगर पहुंची। यहां से मंसूरपुर, खतौली से होकर पदयात्रा का ठहराव रात को खतौली-मेरठ मुख्य मार्ग पर भंगेला चेक पोस्ट के पास इंटर कॉलेज में होगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता ललित राणा, उपाध्यक्ष अनु मलिक, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल, बलराम लखायन, मैनपाल चौहान, कृष्ण पाल सिंह, अजय राणा मौजूद रहे। उधर, खतौली में भारतीय किसान संगठन के किसानों की मांग को लेकर सहारनपुर से शुरू की गई किसान यात्रा शनिवार शाम कस्बे में पहुंची। वहां पर किसान यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर जाम की स्थिति बनी रही।
मुजफ्फरनगर महापंचायत में आज पहुंचेंगे पूरण सिंह
किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरण सिंह ने बताया आज सुबह वह मुजफ्फरनगर में किसानों की महापंचायत में शिरकत करेंगे। भंगेला से वह करीब 24 गाड़ियों में किसानों को लेकर शहर के जीआईसी के मैदान पर आएंगे। भंगेला से पदयात्रा में शामिल किसान और ट्रैक्टर-ट्रालियां एवं अन्य वाहन मेरठ कमिश्नरी की तरफ बढ़ेंगे। महापंचायत खत्म होने के बाद शाम को वह पदयात्रा में शामिल हो जाएंगे।
मुजफ्फरनगर में पहुंची किसान मजदूर संगठन की पदयात्रा का स्वागत करते लोग।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
किसान मजदूर संगठन की पदयात्रा में रोनी हरजीपुर मार्ग पर काफिले के साथ ठा. पूरण सिंह- फोटो : MUZAFFARNAGAR