उत्तराखंड के कुंजा गांव से दिल्ली जंतर-मंतर तक होगी पदयात्रा
देवबंद। गुर्जर आर्मी के संस्थापक चौधरी विरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि सेना में गुर्जर रेजीमेंट बनाने समेत अन्य मुद्दों को लेकर एक मार्च को उत्तराखंड के कुंजा गांव से दिल्ली जंतर-मंतर तक पदयात्रा की जाएगी।
शुक्रवार को गुर्जर समाज के कार्यक्रम में चौधरी विरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि गुर्जर समाज ने हमेशा राष्ट्रहित के लिए कार्य किया है। परंतु आजादी के बाद से देश में जो भी सरकार सत्ता में आई उसने गुर्जर समाज की हमेशा अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि एक मार्च को गुर्जर समाज उत्तराखंड के कुंजा गांव से दिल्ली जंतर मंतर तक पद यात्रा शुरू करेगा। जिसमें भारतीय सेना के अंदर गुर्जर रेजीमेंट बनाने, योग गुरु बाबा रामदेव व प्रवीण भाई तोगड़िया को भगवान श्री राम मंदिर निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए ट्रस्ट में शामिल किए जाने की मांग की जाएगी। चौधरी दिलशाद गुर्जर ने कहा कि मुस्लिम गुर्जर भी गुर्जर समाज द्वारा चलाई जा रही मुहिम को पूरा समर्थन देते हुए पद यात्रा में शामिल होंगे। इस मौके पर चौ. अब्बल गुर्जर, चौधरी यशदेव, सलीम गुर्जर, गौरव, रफल सिंह, पूर्ण सिंह, चौधरी संदीप गुर्जर, राजपाल सिंह, विक्रम सिंह, अकरम गुर्जर, शमशाद गुर्जर और नूरहसन आदि मौजूद रहे।