फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुर्गी फार्म में सो रहे युवक की निर्मम हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
हत्या से पहले हाथ पैर बांधे और मुंह में ठूंसा कपड़ा
विज्ञापन

मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। गांव शिवपुरी में मुर्गी फार्म पर युवक की हत्या की वारदात जिस तरीके से अंजाम दी गई है, वह बेहद खतरनाक है। बदमाशों ने पहले तो युवक के हाथ पैर बांधे और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि युवक शोर न मचा सके और भाग न सके। उसके चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए। फिलहाल पुलिस लूटपाट के विरोध पर हत्या होना मान रही है, लेकिन वारदात के अंदाज से साजिशन हत्या की तरफ भी इशारा हो रहा है।
मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी बाबूराम गांव शिवपुरी में स्थित रविश कुमार के मुर्गी फार्म पर चौकीदारी करता है। करीब दो माह से बाबूराम की पत्नी रचना की तबीयत खराब चल रही है, जिस कारण वह पत्नी की देखभाल के लिए घर पर ही रहता है। मुर्गी फार्म पर चौकीदारी करने के लिए बाबूराम अपने बेटे दीपक को भेज देता था। दिन में दीपक घर पर रहता था, लेकिन रात को मुर्गी फार्म पर आ जाता था।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार रात भी दीपक ही मुर्गी फार्म पर सोने गया था, लेकिन शुक्रवार दोपहर तक घर नहीं लौटा। करीब 12 बजे दीपक का भाई अक्ष उसे देखने मुर्गी फार्म पहुंचा तो अंदर जाते ही उसके होश उड़ गए। मुर्गी फार्म में चारपाई पर दीपक का लहूलुहान शव पड़ा थी। उसकी गर्दन व चेहरे पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। चारपाई पर व उसके आसपास खून बिखरा हुआ था। दीपक के हाथ-पैर बांधे जाने के साथ ही उसके मुंह में भी कपड़ा ठूंसा गया था। अक्ष ने घटना की जानकारी पिता बाबूराम को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ जानसठ धनंजय कुशवाहा व मीरापुर इंस्पेक्टर पंकज त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और जांच की गई। जांच में मुर्गी फार्म के एक तरफ की लोहे की जाली उखड़ी मिली और फार्म पर रखा इन्वर्टर का बैटरा गायब मिला। माना जा रहा है कि बदमाश लूटपाट के इरादे से जाली उखाड़कर अंदर घुसे और दीपक के जागने पर उसकी हत्या कर वहां मौजूद बैटरा लेकर ही फरार हो गए। पिता बाबूराम की तरफ से मीरापुर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दो सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम
मीरापुर। गांव जमालपुर निवासी दीपक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, उसकी मां रचना (55) की भी अचानक हालत बिगड़ गई। बेहाल परिजन उन्हें गांव में ही डॉक्टर के यहां ले गए, जहां रचना को मृत घोषित कर दिया गया। माना जा रहा है कि बेटे की मौत से मां को भी हार्ट अटैक हुआ, जिससे उनकी मौत हो गई। एक साथ मां-बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, तो गांव में शोक व्याप्त है।
कुछ दूर स्थित हैंडपंप पर रुका डॉग स्क्वॉड
मीरापुर। गांव शिवपुरी स्थित मुर्गी फार्म में हुई दीपक की हत्या के मामले में जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। काफी देर तक छानबीन चली। डॉग स्क्वॉड मुर्गी फार्म से निकलकर कुछ दूर स्थित हैंडपंप पर पहुंचकर रुक गया। माना जा रहा है कि हत्यारों ने वारदात के बाद खून सने हाथ व कपड़े उक्त हैंडपंप पर धोए होंगे। वहीं, मौके से पीले रंग की पैंट भी मिली, जो खून सनी है। पुलिस ने पैंट को कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन

कोट
मीरापुर इंस्पेक्टर पंकज त्यागी का कहना है कि संभवत: लूटपाट के इरादे से बदमाश मुर्गी फार्म में घुसे, जहां भिड़ने पर बदमाशों ने दीपक की हत्या कर दी। हालांकि मुर्गी फार्म खाली था और बदमाश सिर्फ इन्वर्टर का बैटरा ही ले जा सके। इससे अन्य बिन्दुओं पर भी जांच चल रही है। वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जल्दी ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें