शामली। जनपद के मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में खाली रह गई सीटों के लिए शुक्रवार को ओपन मेरिट जारी कर दी गई है। ओपन मेरिट से दाखिले सोमवार तक होंगे। वंचित छात्र-छात्रा समय रहते दाखिला ले सकते हैं।
जनपद के चार राजकीय और एडेड कॉलेजों में यूजी कोर्सों में दाखिला प्रक्रिया चल रही है। प्रथम प्रतीक्षा सूची के बाद रिक्त सीटों पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रथम ओपन मेरिट जारी करते हुए दो दिनों तक दाखिला प्रक्रिया का समय दिया है। शहर के वीवी पीजी कॉलेज की प्रभारी प्राचार्या डॉ. नीना छोकरा ने बताया कि शुक्रवार को रिक्त सीटों पर मेरिट चस्पा की गई है। कॉलेज में बीए में 373 रिक्त सीटों पर दाखिले होने हैं। सामान्य की 175 सीटें हैं और मेरिट 59.4 प्रतिशत पर हैं। ओबीसी 120 सीट हैं और मेरिट 36.8 प्रतिशत पर हैं। एससी की 78 सीट हैं और मेरिट 36 पर लगाई गई है।
वहीं कांधला के राजकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य ब्रजेश राठी ने बताया कि बीए में 32 विद्यार्थियों की सूची चस्पा की गई है और मेरिट 44.4 पर लगी है। वहीं बीएससी गणित और बायो में 13 और बीकॉम में 10 सीटों पर दाखिले होने हैं। उन्होंने बताया कि ओपन मेरिट से दाखिला प्रक्रिया सोमवार तक जारी रहेगी। सूची में आने वाले सभी छात्र-छात्रा समय रहते कॉलेज पहुंचकर दाखिला ले सकते हैं। इसके बाद 21 जुलाई से पुन: पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी।