त्रिस्तरीय चुनाव के चलते साप्ताहिक बंदी में हुई छूट के कारण शिव चौक पर कम दिखी लोगों की आवाजाही।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते सूबे में लागू किए गए रविवार के साप्ताहिक कर्फ्यू से पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले को अलग रखा गया। इसके चलते जिले में रविवार को बाजार तो खुले, लेकिन रौनक नदारद रही। सूने पड़े बाजारों में दिन भर दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे। सड़कें भी बेहद कम आवाजाही के चलते खाली रहीं।
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते सूबे में रविवार को कर्फ्यू की घोषणा की थी। जनपद में भी व्यापारी रविवार को बाजार बंद रखने को सहमत थे, लेकिन शनिवार रात एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने पंचायत चुनाव के तहत द्वितीय चरण में सोमवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर कर्फ्यू न रखने की घोषणा की थी। इसके बाद रविवार को निर्धारित समय पर शहर के बाजार तो खुले, लेकिन रौनक नदारद रही।
सभी प्रमुख बाजारों में दुकानदार खाली बैठकर ग्राहकों का इंतजार करते रहे। देहात क्षेत्र से इक्का-दुक्का लोग ही खरीदारी करने के लिए शहर पहुंचे, जिससे भगत सिंह रोड व दाल मंडी जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्र भी सुनसान नजर आए। वहीं, शहर की सड़कें भी रविवार को काफी खुली-खुली रहीं, जिन पर राहगीरों के साथ ही वाहनों की संख्या भी काफी कम रही।
-------
अग्निशमन विभाग ने किया सैनिटाइजेशन
अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने गाड़ियों से शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गों को सैनिटाइज किया। सीएफओ रमाशंकर तिवारी ने बताया कि शहर के शिव चौक, अहिल्याबाई तिराहा, मीनाक्षी चौक, पुलिस लाइन व सदर बाजार क्षेत्र में व्यापक सैनिटाइजेशन किया गया।
साप्ताहिक बंदी के चलते सूनी पडी शहर की टाउनहाल रोड।- फोटो : MUZAFFARNAGAR