सिर्फ दस किसान ही केंद्रों पर गेहूं बेचने पहुंचे
मुजफ्फरनगर। पंचायत चुनाव के चलते किसान अभी सरकारी गेहूं क्रय केेंद्र की ओर रुख नहीं कर रहे हैं। जनपद के क्रय केंद्रों पर भी केवल दस किसान ही गेहूं देने पहुंचे हैं। अभी तक चार केंद्रों पर केवल 323 क्विंटल गेहूं की ही खरीद हो सकी है।
जिले में गेहूं की खरीद के लिए 52 क्रय केंद्र खोले गए हैं। एक अप्रैल से तीस जून तक गेहूं की खरीद होनी है। गेहूं की कटाई की शुरू हो गई है, फिर भी किसान अभी गेहूं बेचने के लिए सरकार क्रय केंद्रों पर नहीं पहुंच रहे है। अभी तक दस ही किसानों ने अपना गेहूं बेचा है। नवीन मंडी स्थित खाद्य निगम, पीसीएफ, पीसीयू और एफसीआई के केंद्र पर ही गेहूं की आवक हुई है।
इन केंद्रों पर 323 क्विंटल गेहूं की ही खरीद हो सकी है। जिले के देहात में बने सरकारी क्रय केंद्र अभी सूने पड़े हैं। यहां पर किसान गेहूं लेकर नहीं आए है। जिला विपणन अधिकारी कमलेश सिंह का कहना है कि अभी गेहूं की कटाई की शुरुआत हुई है, दूसरे इसी बीच पंचायत चुनाव होने का असर भी गेहूं खरीद पर पड़ा है।
चार केंद्र और बढ़ाए, 52 हुए
मुजफ्फरनगर। गेहूं खरीद के लिए पहले 48 केंद्र बनाए गए थे। अब ब्लाक सदर, खतौली, जानसठ और मोरना में एक-एक केंद्र और बढ़ाया है, जो खाद्य विभाग के हैं। अब जिले में क्रय केंद्र 52 हो गए हैं।
विभाग-----------केंद्र
खाद्य विभाग-------13
यूपीपीसीएफ--------22
पीसीयू--- ---------16
एफसीआई----------01
रकबा घटा, उत्पादन बढ़ा
जिले में इस बार गेहूं की रकबा घटा है, फिर भी उत्पादन गत वर्ष से बढ़ा है। गत वर्ष जिले में गेहूं की रकबा 86.87 हजार हेक्टेयर था। गत वर्ष गेहूं का उत्पादन 41.16 क्विंटल प्रति हेक्टेयर रहा था। इस बार रकबा घट कर 81.81 हजार हेक्टेयर है। गेहूं का उत्पादन 42.3 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आई है।
गत वर्ष हुई थी 3.19 लाख मीट्रिक टन की खरीद
खतौली। गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों से गेहूं की खरीद करने के लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली। खतौली मंडी समिति के तहत 12 गेहूं क्रय केंद्र लगाए गए हैं। अभी तक सेंटरों पर किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचे। मंडी समिति के द्वारा खतौली मंडी समिति में 12 गेहूं क्रय केंद्र पूरी तरह से तैयार कर लिए गए हैं। क्रय केंद्र पर गेहूं खरीद के दाम का बैनर भी लगाया गया है। मगर, अभी तक यहां किसान नहीं पहुंचे है। मंडी समिति सचिव सुमन भारती ने बताया कि समिति द्वारा खतौली मंडी, रतनपुरी, बडसू, जानसठ, मंसूरपुर सहित 12 गेहूं क्रय केंद्र बनाए हैं। अभी किसी भी सेंटर पर किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचा। अनुमान है कि 15 अप्रैल के बाद किसान गेहूं लेकर क्रय केंद्रों पर जाएगा। चुनाव के कारण किसान दो चार दिन देरी से भी गेहूं ला सकते हैं।