देवबंद (सहारनपुर)। बचीटी गांव की पुलिया पर कार और बाइक की भिड़ंत में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बुधवार को चंदेना कोली गांव निवासी रुहला का पुत्र प्रीतम सिंह (55) बाइक से शादी का कार्ड बांटने उत्तराखंड के झबरेड़ा जा रहा था, जब वह देवबंद बचीटी मार्ग पर पड़ने वाली पुलिया के घूम पर पहुंचा तो अचानक सामने से आई तेज गति कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें प्रीतम गंभीर रूप से घायल हो गया। कार सवार ने घायल को उठाकर खेड़ामुगल पुलिस चौकी ले गया। पुलिस उपचार के लिए उसे पीएचसी लेकर गई। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान प्रीतम की मौत हो गई। चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।