रातोंरात युवक के खाते में आए एक करोड़ रुपये
मुजफ्फरनगर। गांव निजामपुर निवासी युवक के बैंक खाते में रातोंरात एक करोड़ रुपये की धनराशि आने से अफरातफरी मच गई। इसके अगले ही दिन पुणे क्राइम ब्रांच ने युवक का बैंक खाता सीज करा दिया। पीड़ित ने बैंक अफसरों से शिकायत करने के साथ ही तहरीर भी दी है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी आसिफ आयुर्वेदिक दवा सप्लाई का काम करता है। उसका बैंक खाता एसबीआई ककरौली में है, जिसमें गत सात फरवरी की शाम केवल 4700 रुपये ही थे। उसी रात 3.27 बजे आसिफ के बैंक खाते में 99 लाख 99 हजार 999 रुपये की बड़ी धनराशि ट्रांसफर की गई। अगले दिन मोबाइल पर उक्त धनराशि का मेसेज देख आसिफ के होश उड़ गए।
पीड़ित अगले दिन बैंक पहुंचा और शाखा प्रबंधक से मिलकर उन्हें खाते में रुपये आने की बात कही। इसके बाद दोपहर के समय बैंक के जरिये पुणे क्राइम ब्रांच ने आसिफ का बैंक खाता तत्काल प्रभाव से सीज करा दिया, जिससे मामला पुणे से जुड़ा लगने लगा है। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में भी तहरीर देकर खुद को फर्जी मामले में फंसने से बचाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।