मंसूरपुर। थाना क्षेत्र में जिओ पेट्रोल पंप के पास मंसूरपुर पुलिस और कार सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार बदमाश फरार हो गए।
सीओ खतौली रूपाली राय ने बताया कि 24 जून को मंसूरपुर क्षेत्र में अंबा स्टील फैक्टरी से कुछ केबल चोरी हो गया था। पुलिस को सूचना मिली कि केबल चोरी करने वाला गिरोह क्षेत्र में घूम रहा है। मंसूरपुर पुलिस जड़ौदा के पास जिओ पेट्रोल पंप के सामने चेकिंग कर रही थी।
सामने से एक सफेद रंग की कार आती हुई दिखाई दी पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन कार में बैठे बदमाश उसे वापस मोड़ कर जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस ने कार का पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
घायल बदमाश मोहसिन जनपद बागपत के काठा का रहने वाला है। पुलिस ने कांबिंग के दौरान उसके दो साथियों आसिफ निवासी मुगलपुर जनपद बागपत तथा मुस्तफा निवासी काठा जनपद बागपत को गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके चार साथी फरार हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा एक कार आठ केबल के बंडल, तथा 2 लाख 70 हजार रुपये बरामद किए हैं।