गृहक्लेश से तंग वृद्ध दंपती ने खाया जहर
मोरना (मुजफ्फरनगर)। ककरौली क्षेत्र के एक गांव में गृहक्लेश से तंग आकर वृद्ध दंपती ने जहर खा लिया, जिससे दोनों की ही मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के आनन-फानन में दोनों के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, पुलिस भी ऐसी किसी घटना की जानकारी से मना कर रही है।
ककरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी वृद्ध दंपती के एक बेटा और एक बेटी है। दंपती दोनों की शादी कर चुका था, जिनकी पुत्रवधू सरकारी स्कूल में शिक्षिका बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, बेटे की शादी के कुछ समय बाद ही वृद्ध दंपती के घर में क्लेश शुरू हो गया था, जिससे दंपती काफी आहत था। शुक्रवार रात वृद्ध दंपती की अपने बेटे से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर माता-पिता अपने कमरे में चले गए और जहर खा लिया। रात भर वृद्ध दंपती कमरे में पड़े तड़पते रहे और आखिरकार उनकी मौत हो गई।
शनिवार सुबह काफी देर बाद भी वृद्ध माता-पिता के कमरे से बाहर न निकलने पर बेटे ने वहां जाकर देखा तो उनके शव पड़े मिले। यह देख बेटे के होश उड़ गए। इसके बाद आनन-फानन में परिजनों ने बिना किसी को सूचना दिए दंपती के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। सीओ भोपा गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसी कोई जानकारी नहीं है। ककरौली पुलिस ने भी ऐसी जानकारी होने से इंकार किया है।