कोरोना से वृद्ध की मौत, 90 नए मरीज मिले
मुजफ्फरनगर। कोरोना के संक्रमण से एक और मरीज की मौत हो गई। वह कोविड अस्पताल में भर्ती था। अभी तक जिले में 72 मरीजों की मौत हो चुकी है। बृहस्पतिवार को कोरोना के 90 मरीज और मिले हैं। इनमें कवाल की अस्थायी जेल के 32 बंदी भी शामिल हैं।
जिले में कोरोना का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोविड अस्पताल बेगराजपुर में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। शहर के रामपुरी निवासी 72 साल के वृद्ध को कोरोना संक्रमण होने और सांस लेने में परेशानी होने पर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उसकी मौत हो गई। कोविड प्रोटोकॉल के तहत उसका अंतिम संस्कार करवाया गया। बृहस्पतिवार को विभिन्न स्थानों पर की गई जांच में 90 मरीज मिले हैं। कवाल की अस्थायी जेल से फिर 32 बंदी संक्रमित पाए गए। भारतीय स्टेट बैंक खतौली के भी दो कर्मचारी पॉजिटिव आए हैं। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के भी दो कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। पीनना में दो, शाहपुर में दो, बीएसए दफ्तर, कृष्णापुरी, गांधी कॉलोनी, निरमानी, लुहारी खुर्द आदि स्थानों पर भी मरीज पाए गए हैं। अधिकांश को होम आईसोलेट किया गया है। बृहस्पतिवार को 113 मरीज ठीक हुए। अब तक 3142 मरीज ठीक हो चुके हैं। जनपद में कोरोना के मरीज 4334 मिल चुके हैं, जिनमें से एक्टिव केस अभी भी 1126 है। सीएमओ ने बताया कि मरीज अधिक मिलने पर शहर समेत देहात में भी रैपिड एंटीजन जांच की संख्या बढ़ा दी गई है।
बाजार में रही काफी भीड़
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को भाकियू ने चक्का जाम और किसान कर्फ्यू का एलान कर रखा है। इसको लेकर दुकानदार भी उहापोह की स्थिति है। हालांकि भाकियू ने बाजार बंद का आह्वान नहीं किया है, फिर भी चक्का जाम को लेकर दुकानदार आशंकित है। इसी कारण बृहस्पतिवार को बाजारों में काफी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने खरीदारी भी खूब की। शहर में भगत सिंह रोड, शिव चौक, मीनाक्षी चौक, रुड़की रोड पर काफी भीड़ रहने से जाम की स्थिति बनी रही।
एसबीआई खतौली दो दिन बंद रहेगा
खतौली। जीटी रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में अब तक सात कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बैंक में हड़कंप मचा है। ग्राहकों को बैंक से बाहर भेजकर बैंक को सैनिटाइज कराने के लिए दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। बैक प्रबंधक राकेश कंसल ने बताया कि बैंक में कार्यरत सात कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। अभी अन्य कर्मचारियों की रिपोर्ट भी आनी बाकी है। फिलहाल बैंक को सैनिटाइज कराने के लिए दो दिनों के लिए बंद करा दिया गया है।