पुवांरका। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर आ गया है। अधिकारी अपने अधीनस्थों के साथ मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी में जुटे हैं।
सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरसावा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा पौने ग्यारह बजे उनका मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय पहुंचने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक भवन के पीछे लोक निर्माण विभाग द्वारा हेलीपैड बनाया जा रहा है। मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि हेलीपैड बनाया जा रहा है। करीब तीस मजदूर हेलीपैड स्थल पर निर्माण कार्य में लगे हैं। दो जेसीबी हेलीपैड स्थल को समतल करने के लिए लगाई गई हैं। ट्रैक्टर-ट्राॅलियों में भरकर निर्माण सामग्री हेलीपैड के लिए मंगवाई गई है। अधिकारियों के अनुसार रविवार दोपहर बाद तक हेलीपैड तैयार हो जाएगा।