सील लगाने पहुंची टीम से उलझते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
ऋण देने के नाम पर कर्मचारियों के खाते खोलकर करीब दो करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में डीएम के आदेश पर जांच समिति ने नईमंडी स्थित तार एवं डाक वेतन भोगी कर्मचारी सहकारी समिति के कार्यालय को सीज कर दिया है। कार्यालय सीज करने के दौरान अधिकारियों की समिति के पदाधिकारियों की काफी बहस और नोकझोंक भी हुई।
इन दिनों तार एवं डाक वेतन भोगी कर्मचारी सहकारी समिति में हुए घोटाले का मामला चर्चाओं में है। विगत दिनों मामला डीएम डीके सिंह के संज्ञान में आने पर इस ओर कार्रवाई हुई। समिति के लिपिक के खिलाफ नईमंडी कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट भी हो चुकी है। डीएम ने जांच समिति बनाकर एआर कोआपरेटिव को जांच के आदेश दिए हैं। जांच समिति लगातार अपनी जांच कर रही है।
मंगलवार को डीएम के आदेश पर जांच समिति के सदस्य एडीसीओ शोभाराम और मेहरचंद ने नईमंडी स्थित तार एवं डाक वेतन भोगी कर्मचारी सहकारी समिति कार्यालय पहुंचकर सभी दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर कार्यालय को सीज कर दिया। इस कार्रवाई को समिति के पदाधिकारियों ने विरोध किया, जिसको लेकर उनकी जांच समिति सदस्यों से बहस और नोकझोंक भी हुई, मगर डीएम का आदेश दिए जाने पर वे शांत हो गए।