पुरकाजी। मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने बुधवार को पुरकाजी खंड विकास कार्यालय और सीएचसी का निरीक्षण किया। बीडीओ को कार्यालय प्रांगण में जर्जर हालत में पड़ी इमारत को तुड़वाने के निर्देश दिए।
पूर्वाह्न 11 बजे ब्लॉक कार्यालय पहुंचे मंडलायुक्त ने पूरे कार्यालय प्रांगण में घूमकर निरीक्षण किया। यहां जर्जर पड़ी कुछ इमारतों को तुड़वाकर नई बनवाने और कुछ जगह पर पेड़ लगवाने के निर्देश दिए। इसके बाद अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण कर ज्यादा पुराने अभिलेखों को हटवाने और बिडिंग कराने को कहा गया। उन्होंने मनरेगा कार्यालय में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई।
इसके बाद मंडलायुक्त सीएचसी पर पहुंचे और वहां बने प्रसव कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, औषधि वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। सीएचसी पर रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या की जानकारी ली। प्रभारी को मरीजों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए ।वेटिंग हाल में भी गंदगी दूर रखने के लिए कहा। इस दौरान डीएम दिनेश चंद, सीडीओ अंकित अग्रवाल, एडीएम वित्त मनोज कुमार, सीएमओ डा. सुबोध कुमार, डीडीओ बलवंत सिंह आदि रहे।