पोषण अभियान को देशव्यापी आंदोलन बनाने की शपथ
मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पोषण अभियान के अंतर्गत शपथ ग्रहण समारोह में सभी से बच्चों, किशोरों और महिलाओं को कुपोषण मुक्त, स्वस्थ और मजबूत करने का वचन लिया। पोषण अभियान को देश व्यापी जन आंदोलन बनाने की शपथ दिलाई गई।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम सेल्वा कुमारी जे ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि माताओं-बहनों को कुपोषण को खत्म करने के लिए अपने परिवार से शुरुआत करनी होगी। सरकार छोटे बच्चों के पोषण का ध्यान रख रही है। खासकर छह माह के बाद के बच्चों के लिए पोषाहार की व्यवस्था को अधिक मजबूत किया जाए, जिससे जनपद को कुपोषण मुक्त किया जा सके। जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा ने जनपद को कुपोषण मुक्त करने का आश्वासन दिया। कुपोषण मुक्ति का अभियान आठ से 22 मार्च तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत किशोरियों में एनीमिया रोकने के लिए खान-पान का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि महिलाओं को गर्भावस्था और प्रसव के बाद संतुलित एवं विटामिन युक्त भोजन की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।