मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय के आपातकालीन वार्ड में भर्ती मरीज को रेफर कराने के नाम पर स्टाफ नर्स पर तीन हजार रुपये लेने का आरोप है। मरीज के तीमारदारों से नर्स का रुपये लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने नर्स को निलंबित करते हुए उसके विरुद्ध जांच के निर्देश जारी किए।
भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव में कुछ दिन पहले हुई मारपीट की घटना के बाद सत्यम नाम के एक मरीज को भर्ती कराया गया था। मरीज के कान के आसपास भी चोट थी। मरीज को जिला चिकित्सालय के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया था जिसका मेडिकोलीगल हुआ था।
मरीज को कान में गंभीर चोट दर्शाकर तीमारदारों की ओर से हायर सेंटर रेफर कराने का प्रयास किया गया। आरोप है कि वायरल वीडियो में नजर आया कि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स पूजा ने हायर सेंटर रेफर कराने के एवज में मरीज के तीमारदारों से पांच हजार रुपये की मांग की। काफी ना-नुकुर के बाद दोनों पक्ष में तीन हजार रुपये पर सहमति बनी।
नर्स की ओर से कोर्ट में गवाही दिए जाने की भी बात वीडियो में कही गई। जिसके बाद कैमरे के सामने ही नर्स रुपये लेते नजर आई। वीडियो वायरल होने के बाद जिला चिकित्सालय के सीएमएस ने मामले की जांच शुरू कराते हुए सीएमओ कार्यालय को रिपोर्ट भेज दी। सीएमएस ने बताया कि आरोपी नर्स एनएचएम से है। इसलिए सीएमओ को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी गई है।
महिला चिकित्सालय में भी रुपये लेते सामने आया था वीडियो
रिश्वत के मामले में आरोपों में घिरी एनएचएम की नर्स पूजा का यह पहला मामला नहीं है। कुछ माह पहले पूजा महिला चिकित्सालय में तैनात थी। महिला चिकित्सालय का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप लगाया गया था कि नर्स ने रुपये लिए हैं। जिसके बाद आरोपी नर्स को वहां से हटाकर जिला चिकित्सालय में तैनात कर दिया गया था।
वर्जन-
एनएचएम में संविदा पर कार्यरत नर्स पूजा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसके मामले में जांच शुरू कराई गई। जांच के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - डॉ. सुनील तेवतिया, सीएमओ