हरिद्वार से कांवड़ लाने वाले कांवडिये भोले की भक्ति के साथ देशभक्ति से भी ओतप्रोत नजर आ रहे हैं। उनकी कांवड़ पर जहां तिरंगा लिपटा है, वहीं हाथों में भी तिरंगे लहरा रहे हैं। हर-हर महादेव के जयकारे के साथ भारत माता के जयकारे भी लग रहे हैं।
गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की टोलियों में निकल रहे हैं। हरियाणा और दिल्ली के कांवड़िये इस समय सबसे ज्यादा निकल रहे हैं। कांवड़ियों में इस बार जो बात देखने में आ रही है, वह यह है कि सभी देश भक्ति से ओत-प्रोत हैं। 14 साल से लेकर 25 साल तक के कांवड़ियों की संख्या अधिक है।
बम-बम के जय घोष के साथ कांवडिये इस बार भारत माता के जयकारे भी लगा रहे हैं। कांवड़ यात्रा पर देश प्रेम का माहौल बना हुआ है। अपनी कांवड़ पर जहां तिरंगा लपेटे हैं, वहीं हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़ रहे हैं। भोले बाबा के गीतों के साथ देश भक्ति के गीतों की धूम है। देश प्रेम में रंगे कांवड़ियों को देखने के लिए शहर के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
ट्रेनों से पहुंच रहे हरिद्वार
मुजफ्फरनगर। प्रतिदिन लाखों कांवड़िये ट्रेनों से हरिद्वार पहुंच रहे हैं। हरिद्वार जाने वाली सभी ट्रेनें खचाखच भरी हैं। हरिद्वार से ये लोग कांवड़ लेकर पैदल मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। हरिद्वार जाने वाले 80 प्रतिशत कांवडियें मुजफ्फरनगर से होकर ही जाते हैं।
शिविरों में उमड़ रही श्रद्धा
मुजफ्फरनगर। कांवड़ मार्ग पर सेवा शिविरों की संख्या कांवड़ियों के सैलाब के साथ ही बढ़ रही है। रुड़की रोड स्थित स्वरूप प्लाजा पर हिंदू शक्ति दल के कांवड़ शिविर का शुभारंभ हुआ। बड़ी संख्या में यहां लोगों ने भाग लिया। पूर्व विधायक अशोक कंसल, डॉ एमके तनेजा, सरिता अरोरा, संजय अरोरा आदि रहे। कई अन्य शिविर भी प्रारंभ हुए।
कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर खुलने लगा
शाहपुर। तीर्थनगरी हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आ रहे शिवभक्त कांवड़ियों की तादाद लगातार बढ़ने के साथ ही कस्बे में सेवा शिविर भी खुलने शुरू हो गए हैं। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के गांव काकड़ा, रसूलपुर जाटान व जनता कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया।
वरिष्ठ भाजपा नेता श्यामपाल सिंघल, अरुण मित्तल, बालेश सिंघल व मणिकांत मित्तल का सहयोग रहा। उधर, गुड़ मंडी में गुड़ व्यापार संघ द्वारा आयोजित कांवड़ सेवा शिविर में पूर्व चेयरमैन राजेश सिंघल, अध्यक्ष पवन गोयल, ललित कुमार, चंद्रवीर शास्त्री, उमेश मित्तल, अरविंद गोयल व प्रवीण गोयल का सहयोग रहा।
वहीं, सोरम मोड़ व गांव पलड़ी मोड़ पर भी कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत सदस्य राजीव प्रताप सैनी व नगर चेयरमैन प्रमेश सैनी ने संयुक्त रूप से पलड़ी मोड़ पर लगे शिविर का शुभारंभ किया। मोनू सैनी, कुलदीप प्रजापति, नवीन सैनी, सुनील कुमार, मदन सैनी व लख्मी सैनी का सहयोग रहा।
एनसीसी के कैडेट भी लगेंगे कांवड़ सेवा में
मुजफ्फरनगर। कांवड़ियों की भीड़ की संख्या बढ़ने के साथ ही पुलिस ने भी अपनी व्यवस्था बढ़ानी प्रारंभ कर दी है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। व्यवस्था बनाने में एनसीसी और सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जा रहा है।
एसडी इंटर कॉलेज में एनसीसी के अधिकारियों के साथ एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बैठक ली। बैठक में यह निर्णय हुआ कि प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी एनसीसी के छात्र व्यवस्था में सहयोग करेंगे। एनसीसी के 200 छात्रों की ड्यूटी कांवड़ यात्रा में रहेगी। इसी के साथ परमधाम न्यास के कार्यकर्ता भी कांवड़ में सेवा करेंगे।
मधुर मिलन बैंक्वट हाल में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने सेवा का निर्णय लिया। मीडिया प्रभारी सतीश ने बताया कि एसपी सिटी ओमवीर सिंह, सीओ सिटी योगेंद्र सिंह मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा में सहयोग का आश्वासन दिया गया। चंदन, अमित, कुलदीप, पदम, दिनेश, मोनू, नवीन, कपिल, अनमोल आदि रहे।
बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड टीम ने की छानबीन
जानसठ। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर पानीपत-खटीमा मार्ग पर बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड टीम ने गहनता से छानबीन की। इसके अलावा पुलिस ने भी चेकिंग अभियान चलाया। कांवड़ यात्रा के दौरान पानीपत-खटीमा राजमार्ग से हजारों कांवड़िया हरिद्वार से गंगाजल लेकर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों के लिए जाते हैं।
इंस्पेक्टर प्रेमवीर राणा द्वारा खतौली तिराहे से बिजलीघर, कस्बे में सड़क के दोनों ओर स्थित दुकानों व कबाड़ी के गोदामों की गहनता से चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी विस्फोटक व चोरी का सामान न खरीदा जाए।
उन्होंने दुकानदारों से कहा कि कोई भी लावारिस वस्तु सड़क पर पड़ी दिखाई दें, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने सड़कों से खड़ी ठेलियों को हटवाया गया। चेकिंग अभियान में एसआई कर्मवीर सिंह, एलआईयू इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश शर्मा, संदीप आर्य, सतीश सिंह, अनुज चौधरी आदि मौजूद रहे।
कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ
मंसूरपुर। जड़ौदा चौराहे पर शिवभक्तों की सेवा के लिए बृहस्पतिवार को कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर यज्ञ हवन का आयोजन भी किया गया। यह सेवा शिविर पिछले 30 वर्षों से भी अधिक समय से लगता चला रहा है। शिविर में कांवड़ियों के लिए खाने, ठहरने तथा चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मोनू, स्वराज सिंह कश्यप, करण सिंह, कृष्णपाल, नरेंद्र कश्यप, बालेश्वर, रविंद्र सैनी, कृष्णपाल कश्यप, होशियार सैनी आदि उपस्थित रहे।