अब वाल्मीकि समाज की महिला ने दी तहरीर
मोरना (मुजफ्फरनगर)। गांव भेडाहेड़ी के पलायन प्रकरण में अब वाल्मीकि पक्ष की एक महिला ने तहरीर दी है। इसमें दूसरे पक्ष के युवकों पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने, चाकू मारने और बेटे से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव भेडाहेड़ी प्रकरण में होली से दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। वाल्मीकि समाज के परिवारों द्वारा पलायन किए जाने का मुद्दा शांत भी नहीं हुआ था कि एक और महिला ने दूसरे पक्ष के खिलाफ नामजद तहरीर देकर गंभीर आरोप लगा दिए हैं। मंगलवार को समाज के लोगों के साथ थाने पहुंची वाल्मीकि समाज की महिला ने तहरीर देकर बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे वह बेटे के साथ घर में थी। आरोप है कि चार युवक जबरन घर में घुस गए और महिला के साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि घर में मौजूद बेटे ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट करते हुए महिला पर भी चाकू से वार किया गया। महिला का आरोप है कि हमलावरों ने अगले महीने परिवार में होने वाली युवती की शादी में व्यवधान डालने और बरात आने पर दूल्हे को गोली मारने की भी धमकी दी है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।