मुजफ्फरनगर। शनिवार को सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार की अध्यक्षता में दिव्यांग मेडिकल बोर्ड के सदस्यों एवं दिव्यांग यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें दिव्यांग प्रमाण पत्र सुलभ और आसानी से बनवाने के मद्देनजर महत्वपूूर्ण निर्णय लिया गया।
सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जनपद के दिव्यांगजन प्रत्येक सोमवार के कार्य दिवस को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित रेड क्रॉस भवन में आकर अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। ऐसे लोगों की कभी कभी संख्या सोमवार को अधिक हो जाती है तो ऐसे में सभी के प्रमाण पत्र बनना संभव नहीं हो पाता, जिससे दिव्यांगजन पूरे दिन परेशान होने के बाद मायूस होकर अपने घर लौटते हैं। इन परेशानियों को दूर करने के लिए मेडिकल बोर्ड के सदस्यों एवं दिव्यांग यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें संयुक्त रुप से निर्णय लिया कि प्रत्येक सोमवार के कार्य दिवस को प्रात: 10 बजे से कुल 60 दिव्यांगजनों को टोकन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिए जाएंगे, ताकि आसानी से उनका प्रमाण पत्र बनाया जा सके। 10 बजे से 12 बजे तक रजिस्ट्रेशन फार्म भरे जाएंगे। दोपहर 12 से दो बजे तक विशेषज्ञों द्वारा चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। दो बजे के बाद प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इस व्यवस्था से दिव्यांगजनों को आसानी होगी।
मेडिकल बोर्ड के अध्यक्ष एसीएमओ डॉ शरण सिंह ने बताया कि दिव्यांगजन 21 प्रकार की दिव्यांगता के प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं, इनमें मुख्य रूप से मानसिक मंदता, मानसिक रोगी, दृष्टिबाधित, चलन निशक्ता, मांसपेशी र्दुविकास, तेजाब हमला पीड़ित, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया आदि है।
बैठक में वरिष्ठ फिजीशियन डॉ योगेंद्र तिरखा ,डॉ संदीप रंजन, डॉ प्रदीप चतुर्वेदी, डॉ राकेश कुमार, डॉ अमित सैनी, डॉ गरिमा अग्रवाल, डॉ मुकेश उपाध्याय, डॉ विक्रम सैनी, डॉ प्रेम केसरवानी, डॉ रविंदर सिंह, डॉ अनिरुद्ध सिंह, नीटू कश्यप राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय दिव्यांग यूनियन, सुशील कुमार महामंत्री, मिन्टू कुमार जिला अध्यक्ष, दीपक कुमार उपाध्यक्ष, रवि नायक, कर्मवीर, अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।