संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय के ईएनटी विभाग में अब डिप्लोमा भी हो सकेगा। डिप्लोमा ऑफ नेशनल बोर्ड ने एक सीट के लिए मंजूरी दे दी है। पोस्ट एमबीबीएस डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए यह मंजूरी मिली है।
स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय (पुरुष) के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि ईएनटी (नाक, कान, गला) विभाग में पोस्ट एमबीबीएस डिप्लोमा (डीएलओ-एनबीईएमएस ) पाठ्यक्रम के लिए अनुमति मिल गई है। इसके लिए जिला अस्पताल ने पिछले साल आवेदन किया था। इसके बाद विशेषज्ञों ने डीएनबी संचालन के लिए मूल्यांकन किया और 12 अप्रैल को डिप्लोमा ऑफ नेशनल बोर्ड ने एक सीट के लिए मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डीएनबी पाठ्यक्रम शुरू होने से चिकित्सालय में और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। साथ ही चिकित्सकों की कमी भी दूर होगी। ईएनटी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार छात्रों को पढ़ाएंगे। इस मौके पर डीएनबी कोआर्डिनेटर डॉ. विनीत कौशिक, फार्मासिस्ट अनिल कुमार, मोहम्मद हारुण, मैट्रन अखिलेश त्यागी और कम्प्यूटर ऑपरेटर रजत शर्मा मौजूद रहे।