शाहपुर। कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान एक अस्पताल सहित दो क्लीनिक के संचालकों को नोटिस देकर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए ।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ ओपी जायसवाल ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कस्बे के बसी रोड , मुजफ्फरनगर रोड व बुढ़ाना रोड पर संचालित विभिन्न अस्पताल व क्लीनिकों का निरीक्षण किया । केंद्र प्रभारी ने बताया कि बुढ़ाना रोड स्थित नवजीवन अस्पताल के अलावा बसी रोड स्थित माइश लाइफ केयर सेंटर व चाइल्ड केयर क्लीनिक पर टीम को ने तो कोई चिकित्सक मिला और न ही वहां मौजूद कर्मचारी किसी चिकित्सक की डिग्री आदि कागजात नहीं दिखा सके ।
इसके अलावा इन पर अन्य खामियां भी पाई गई । इस दौरान केंद्र प्रभारी ने अस्पताल व क्लीनिक पर मौजूद मरीजों व उनके तीमारदारों से भी वार्ता की । जिसके बाद केंद्र प्रभारी ने इन अस्पताल व क्लीनिक के संचालकों को तीन दिन के अंदर अस्पताल व क्लीनिक के पंजीकरण के अलावा तैनात चिकित्सकों की डिग्री आदि कागजात उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किए ।
उन्होंने बताया कि यदि तीनों के संचालक तीन दिन के अंदर संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।