- जिले के प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर के सामने धरने पर बैठे थे भाजपा से जुड़े सभासद
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। एक अक्तूबर को भाजपा के सेवा पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के सामने ही बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था को लेकर धरने पर बैठने वाले पालिका के छह सभासदों के खिलाफ जिलाध्यक्ष ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाध्यक्ष ने छह सभासदों को नोटिस जारी करते अनुशासनहीनता करने पर जवाब मांगा है।
ऊर्जा राज्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर का कार्यक्रम रामलीला टिल्ला पर हुआ था। उनके आने से पहले ही बधाई कलां बिजलीघर पर वायर टूट जाने के कारण आपूर्ति बाधित हो गई। इसी को लेकर भाजपा सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, प्रशांत कुमार, योगेश मित्तल, मोहित मलिक और हनी पाल रामलीला टिल्ला पर ही धरने पर बैठ गए। प्रभारी मंत्री के आने पर भी सभासदों का धरना अपनी ही सरकार में जारी रहा। भाजपा नेताओं और पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने इन सभासदों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी थी।
ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के आश्वासन पर ही सभासदों ने धरना खत्म किया था। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने अपनी ही पार्टी की सरकार में ऊर्जा राज्यमंत्री के कार्यक्रम में धरना-प्रदर्शन कर विघ्न उत्पन्न करने के आरोप में सभी छह सभासदों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। सभासदों को नोटिस देकर उन पर अनुशासनहीनता का आरोप लगाया गया है। धरना देने वाले सभासदों से एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि सभासदों का कृत्य सीधे तौर पर गंभीर रूप से अनुशासनहीनता का है। क्षेत्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर धरने पर बैठने वाले छह सभासदों को नोटिस देकर उनसे ऐसा प्रदर्शन करने को लेकर जवाब मांगा गया है।