पुलिस लाइन में अधिग्रहण के लिए खड़े वाहन
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस और प्रशासनिक ड्यूटी के लिए एआरटीओ व पुलिस ने वाहनों की व्यवस्था करनी शुरू की है। शुक्रवार को अभियान चलाकर कई वाहनों को पकड़ा गया है। साढ़े चार हजार वाहन मालिकों को परिवहन विभाग ने वाहन अधिग्रहण करने की प्रक्रिया के चलते नोटिस तामिल कराए हैं। वाहन न देने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
शुक्रवार को परिवहन विभाग व पुलिस टीम ने जनपदभर में बड़ा अभियान भी चलाया। भाड़ा ढोने वाले कई वाहनों को पकड़कर पुलिस लाइन में एकत्र किया जा रहा है। एआरटीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए वाहनों की आवश्यकता है।
वाहन मालिकों को नोटिस देकर उन्हें एक तिथि दी जा रही है, ताकि वह अपने वाहन को परिवहन विभाग को सौंप दे। ऐसा न करने पर वाहन मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को सिविल लाइन थाने में दस वाहनों के मालिकों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। ऐसे अन्य दो दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर तैयार की है।