मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) मुख्यालय की ओर से जनपद के छह ब्लड बैंकों को नोटिस जारी किए गए हैं। पिछले माह कराई गई अंतर्जनपदीय जांच में इन ब्लड बैंक में कई बड़ी खामियां पाई गई थीं। इसके बाद दो ब्लड बैंक सील कर दिए गए थे।
मुख्यालय की ओर से इन ब्लड बैंक को नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि शामली सहित जनपद के तीन ब्लड बैंक में रखा 165 यूनिट खून भी जिला अस्पताल में संचालित ब्लड बैंक में रखवा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मुख्यालय की ओर से अंतर्जनपदीय टीम ने जनपद के जीवांश चैरिटेबल, सर्वोदय चैरिटेबल, एसडी मेडिकल इंस्टीट्यूट, दुर्गा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, मेरठ रोड स्थित डॉ.तुषार ब्लड सेंटर एवं बुढ़ाना में शमा ब्लड सेंटर की की जांच की थी।
जांच के दौरान रक्त की जांच और भंडारण के रिकॉर्ड में गड़बड़ी एवं स्टाफ का प्रशिक्षित न होना भी पाया गया था। इनके अलावा ब्लड बैंक में कोल्ड चेन का तापमान भी नियंत्रित न होने सहित नियमानुसार रक्तदाता का एलाइजा टेस्ट भी नहीं किया जा रहा था। ऐसे में सर्वोदय और दुर्गा चैरिटेबल ट्रस्ट ब्लड बैंक के रक्त भंडारण और आपूर्ति पर रोक लगाते हुए सीलिंग की कार्रवाई की गई थी।
जिला औषधि निरीक्षक पवन कुमार शाक्य ने बताया कि मुख्यालय की टीम की ओर से की गई जांच में ब्लड बैंकों में कई जरूरी उपकरणों की भी कमी पाई गई थी। उन्होंने बताया कि मुख्यालय की ओर से सभी छह ब्लड बैंक को नोटिस जारी कर 15 दिनों में स्पष्टीकरण देने के लिए निर्देशित किया गया है।