रविवार को चांद नहीं दिखाई देने के चलते अब माना जा रहा है कि मंगलवार को पहला रोजा रखा जाएगा। जबकि तरावीह सोमवार रात्रि से शुरू हो जाएगी। रमजान माह के लिए बाजार पूरी तरह सज गया है। खजला, सिवई और फैनी के साथ खजूर की जमकर खरीदारी की गई। उधर, रमजान माह को देखते हुए नगर पालिका ने मुस्लिम मोहल्लों में सफाई अभियान चलाया। खालापार और मीनाक्षी चौक के आसपास सफाई कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई गई।
रविवार को रमजान का चांद नजर नहीं आया, इसलिए सोमवार यानी आज रमजान माह शुरू नहीं होगा। अब मंगलवार से रमजान माह शुरू होगा। इस मुकद्दस माह के लिए मुस्लिम समाज के लोग पहले से ही तैयारी कर लेते हैं। रमजान में सहरी और इफ्तारी के समय खाई जाने वाली चीजों की खूब खरीदारी की गई। मीनाक्षी चौक, शहीद चौक के आसपास खजला, फैनी, सिवई और खजूर आदि की दुकानें लगी हुई हैं।
दिन भर लोग इन दुकानों से खरीदारी करते नजर आए। दुकानदार हफीजुर्रहमान ने बताया कि रमजान माह में वह हर बार दुकान लगाते हैं। खजला और फैनी दूध के साथ खाए जाते हैं। इन्हें काफी पसंद किया जाता है। इस बार इनके दाम 100 से 120 रुपये प्रति किलो है। खरीदारी कर रहे मोहम्मद आबिद ने बताया कि मंगलवार से रमजान शुरू होने की पूरी संभावना है। सोमवार यानि आज रमजान का चांद नजर आते ही तरावीह शुरू हो जाएंगी और सुबह को सहरी होगी। रोजेदार पूरा माह अल्लाह की इबादत में गुजारते हैं।
बाजार में सजने लगी फेनी व खजले की दुकानें
खतौली। मुस्लिम समाज ने रोजे की तैयारी शुरू कर दी है। इन दिनों फलों की खूब बिक्री होती है। माना जा रहा है कि रमजान माह में फल के दाम अधिक हो जाएंगे। ठेलियों पर फलों के अलावा बड़ी मात्रा में खजूरों की भी बिक्री हो रही है, जो पूरे रमजान माह चलती है। दुकानदार फेनी, सिंवई, खजला बनाने में जुट गए है तथा बिक्री भी शुरू हो गई है। रमजान माह को देखते हुए दुकानदारों ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। कपड़ा व्यापारियों मनोज गगनेजा, नवीन, सुखवीर उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने दुकान में कुर्ता व पायजामा का कपड़ा मंगवाया है।
इसके अलावा नए डिजाइन के पेंट शर्ट के कपड़े की भी बिक्री होती है। रेडीमेड की दुकानों में नए डिजाइन की जींस पेंट व शर्ट आदि भी नजर आई हैं। रमजान माह में देर रात तक दुकानें गुलजार रहती हैं। किराना व्यापारियों राजेश जैन, मोहम्मद इनाम, राशिद मालिक, चंद्रबोस जैन, किशनचंद अरोरा, मनीष जैन ने बताया कि इस माह में मेवा व कचरी आदि की अधिक मात्रा में बिक्री होती है। उलेमा कारी हिफजुर्रहमान, मौलाना मोहम्मद अली जोहर ने बताया कि यह बरकतों का महीना है। इस माह में लोग अल्लाह की इबादत कसरत से करते है। मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ बढ़ जाती है।
रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक
मीरापुर। रमजान माह के मद्देनजर थाना रामराज में रविवार को एसओ राजेंद्र गिरी ने क्षेत्र के लोगों की बैठक लेकर उनसे असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि रमजान माह में कुछ लोग गड़बड़ी कर सकते हैं, जिनकी पहचान कर तत्काल पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए। गांव पुट्ठी के प्रधान चंद्रगुप्त, देवल प्रधान बूटा सिंह, नीला जलालपुर प्रधान मदनपाल, लालपुर रहड़वा प्रधान मदन गिरी, हाशिमपुर प्रधान अशरम पाल आदि मौजूद रहे।