दो भाइयों के अपहरण करने का शोर मचा
चरथावल। मुथरा गांव से कार से आए कुछ युवक दो सगे भाइयों को जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। अपहरण की सूचना पर भारी तादात में पुलिसबल मौके पर पहुंचा गया। जांच पड़ताल में पता लगा कि सहारनपुर जनपद की पुलिस किसी मामले में पूछताछ के लिए दोनों को ले गई है।
रविवार को दोपहर करीब तीन बजे मुथरा गांव में रहने वाले कंवरपाल को तलाशते हुए दो कार से कुछ युवक पहुंचे। उन्होंने कंवरपाल को साथ चलने के कहा, तो परिजनों ने विरोध किया और उसके भाई रविंद्र से युवकों की हाथापाई भी हुई। उसके बाद युवक दोनों भाइयों को उठाकर ले गए। इस पर परिजनों ने हंगामा किया और दोनों भाइयों के अपहरण की सूचना थाना पुलिस को दी। अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। थाने से कई चौकियों के दरोगा और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी सूबे सिंह यादव ने छानबीन के बाद अपहरण का मामला गलत बताया। पुलिस ने यह बताने से इंकार कर दिया कि किस थाने की पुलिस युवकों को ले गई है। उधर, सूत्रों के मुताबिक देवबंद थाना पुलिस किसी मामले में कंवरपाल से पूछताछ के लिए आई थी, लेकिन मौके पर दूसरे भाई के विरोध के कारण उसे भी साथ ले गई। फिलहाल चरथावल पुलिस कोई भी जानकारी देने से बच रही है।