भोकरहेडी, ककरौली क्वारंटीन सेंटरों पर भोजन व्यवस्था व सफाई का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नोडल अधिकारी ने किया क्वारंटीन केंद्रों का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर, भोपा। जनपद के नोडल अधिकारी आरएन यादव ने बुधवार को भोकरहेड़ी इंटर कॉलेज व ककरौली के किसान इंटर कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन केंद्रों का निरीक्षण किया।
नोडल अधिकारी आरएन यादव बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार व एसडीएम जानसठ कुलदीप सिंह मीणा के साथ भोकरहेड़ी व ककरौली स्थित क्वारंटीन केंद्रों पर पहुंचे। नोडल अधिकारी ने दोनों केंद्रों पर सफाई के साथ ही वहां क्वारंटीन किए गए प्रवासी मजदूरों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। नोडल अधिकारी ने प्रवासी मजदूरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उनसे वार्ता कर केंद्रों पर होने वाली समस्याओं की भी जानकारी ली। भोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने और खाद्य सामग्री उच्च गुुणवत्ता की ही इस्तेमाल किए जाने के भी निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने बताया कि भोकरहेड़ी केंद्र पर 55 प्रवासी मजदूरों को क्वारंटीन किया गया है, जिनमें 49 पुरुष व छह महिलाएं शामिल हैं। वहीं, ककरौली केंद्र पर 84 प्रवासी मजदूरों को क्वारंटीन किया गया है। सीओ राममोहन शर्मा, इंस्पेक्टर संजीव कुमार और ककरौली इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह भी मौजूद रहे।